तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने सामने टक्कर में तीन की मौत, तीन घायल 

Spread the love

आलापुर अम्बेडकर नगर।  बीती रात जहांगीरगंज कम्हरिया मुख्य मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में तीन जिन्दगी खत्म हो गई। रफ्तार का जुनून जब जिंदगी पर भारी पड़ जाए,तो पीछे छूट जाती है सिर्फ सिसकियांँ और वीरान सड़कें और कुछ ऐसा ही हुआ जहांगीरगंज के सड़क हादसे में जहां दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य जिन्दगी और मौत से जूझ रहे हैं।जहांँगीरगंज थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट हुए दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया की सड़कों पर बरती जाने वाली जरा सी चूक पल भर में कई घरों के चिराग बुझा सकती है।

इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों राजकुमार पुत्र चुन्नीलाल, संजय निषाद पुत्र रामबचन निवासी ग्राम बिशुनपुर बजदहा थाना जहांगीरगंज एवं सौरभ पुत्र रामकेश निवासी ग्राम मकरही थाना आलापुर की जहांँ मौके पर ही साँसे थम गयी। वहीं तीन ओमप्रकाश पुत्र हरखू निवासी ग्राम सहसा थाना जहांगीरगंज एवं ओमप्रकाश पुत्र श्रीपति व रामकेश निवासी ग्राम मकरही थाना आलापुर की जिंदगियां अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाईकों पर दोनों पर तीन तीन लोग सवार थे और तेज रफ्तार में आमने सामने की हुई भिड़ंत में दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार और चीत्कार मच गया घटना की बीभत्स तस्बीरें चींख-चींखकर उस बेकाबू रफ्तार की दास्ताँ बयां रही थी जिसने चंद सेकंड में तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों एवं थाना प्रभारी रितेश कुमार पांडेय ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया जहां तीन लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि तीन अन्य घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया जिनकी चीखें सुन हर किसी की आंखे नम हो गईं। दोनों मोटरसाइकिल की स्थिति ऐसी हो गई थी कि उनके टुकड़ों को इकट्ठा कर सड़क मार्ग को खाली किया गया। दिल दहला देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को शोकाकुल कर झकझोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *