भीषण सड़क हादसे में एक की मौत, चार घायल

Spread the love

दुद्धी (सोनभद्र)।  दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे भीषण सड़क हादसे में एक की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू लादकर तेज रफ्तार से जा रहा टीपर  सामने से आ रहे आटा लदे मिनी ट्रक से जोरदार टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रही बोलेरो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालू लदा टीपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में मिनी ट्रक चालक राजकुमार (32 वर्ष), निवासी बैढ़न, सिंगरौली की मौके पर ही मौत हो गई। मिनी ट्रक  में उनके साथ बैठे सहयोगी ठाकुर प्रसाद केशरी (40 वर्ष), पुत्र गोविंद प्रसाद, निवासी पोथीपाथर, बीजपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टीपर चालक प्रदीप कुमार निवासी डाला सोनभद्र  को भी गंभीर चोटें आईं। बोलेरो चालक दौलत मौर्य (45 वर्ष), पुत्र रामजग, निवासी मानपुर, रामगढ़ को हल्की चोटें आईं, जबकि बोलेरो में सवार सोनू अहमद, निवासी पिपरी, रामगढ़, रॉबर्ट्सगंज भी घायल हुए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर टीपर चालक और बोलेरो सवारों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। वहीं मिनी ट्रक में फंसे मृत चालक के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।

बेलगाम बालू लदे वाहनों पर उठे सवाल ?

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों और बोलेरो चालक का कहना था कि बालू लदा टीपर काफी तेज रफ्तार में आ रहा था। टर्निंग पर सामने से आ रहे मिनी ट्रक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बालू लदे टीपर और भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। इन वाहनों की गति और संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से बालू लदे वाहनों की गति, परमिट और कागजात की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *