हाईवा का खूनी कहर: मां-बेटा और नातीन को कुचला, तीनों की मौत

Spread the love

डोहरी गांव के पास स्टेट हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा हाईवा, एक ही परिवार की तीन जिंदगियां लील गया हादसा

तीन मौतों से दहला इलाका, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मांगा मुआवजा; अधिकारियों के आश्वासन पर खुला रास्ता

बबुरी/जमालपुर

स्टेट हाईवे पर मौत बनकर दौड़ रहे हाईवा ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया। जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार मां, बेटा और दो वर्षीय नाती को रौंद दिया। भीषण हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक पल में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकिया क्षेत्र के भड़ेलल गांव निवासी श्यामरति (52), नितीश (16) और दो वर्षीय अंकित पैशन प्रो बाइक से चकिया के पीपरा गांव जा रहे थे। जिवनाथपुर-कंचनपुर स्टेट हाईवे पर डोहरी गांव के पास पहुंचे ही थे कि हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और हाईवा की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, मुआवजे की मांग पर अड़े

हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के सामने मुआवजे की मांग रखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हाईवा को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

आवासीय पट्टा और आर्थिक सहायता का भरोसा, तब खत्म हुआ जाम

चक्का जाम की सूचना पर उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह और क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक परिवार को आवासीय पट्टा दिलाने, पुलिस विभाग की ओर से सहायता राशि उपलब्ध कराने और सरकार की ओर से किसान दुर्घटना सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।

ट्रक कब्जे में, कार्रवाई का भरोसा

सीओ चुनार गायत्री यादव ने बताया कि हादसे में तीनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।वहीं, उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह ने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि मृतक परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *