जलापूर्ति शुरू होते ही राबर्ट्सगंज नगर के चार तल्ला के सामने फटी पाइपलाइन
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के शीतला मंदिर के समीप चार तल्ला के सामने रविवार को जल निगम की पाइपलाइन लीकेज होने से करीब पांच फीट ऊंचा पानी का फव्वारा उठने लगा। अचानक सड़क पर पानी का तेज बहाव देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार को जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन में लीकेज हो गया। जिससे जहां एक तरफ जल संरक्षण करने का दंभ भरा जा रहा है वहीं पाईप लाईन फटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। शुरुआत में गंदा पानी दुर्गन्धयुक्त निकला, लेकिन कुछ देर बाद साफ पानी निकलने लगा। इससे सड़क पर पानी फैल गया और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने लगी। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि पानी से नाली जैसी दुर्गंध आ रही थी, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नाम न छापने की शर्त पर कुछ दुकानदारों का कहना रहा कि बारावफात के समय सजावट हेतु खम्भे को लगाने हेतु सब्बल धसाने के कारण पाइप फट गयी थी। स्थानीय लोगों ने समस्या की जानकारी देने के लिए संबंधित जल निगम के जेई को फोन किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी रही। नागरिकों ने संबंधित विभाग से तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने और दूषित पानी की आपूर्ति की आशंका को देखते हुए जांच कराने की मांग की है। हालांकि द्वितीय पाली संबंधित विभाग ने संज्ञान लेते हुए ठीक करा दिया।
