महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को किया गया जागरूक

Spread the love

स्वास्थ्य  एवं स्वच्छता  के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल

डाला, सोनभद्र। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधा कार्यक्रम के तहत ग्राम भलुआ टोला में ग्रामीण स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन प्रमुख डॉ. शशिकांत के दिशा-निर्देशन एवं आदित्य वेलनेस सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. मनोज कुमार पाठक तथा एडमिन प्रमुख पियूष शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में आदित्य वेलनेस सेंटर की चिकित्सक डॉ. आयुषी प्रिया ने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान आवश्यक देखभाल, संतुलित पोषण, गर्भावस्था के दौरान देखभाल पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया।

CSR प्रमुख निशा तिर्की ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें अपनी सेहत के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करना हमारी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र की महिलाओं के लिए चरणबद्ध तरीके से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाई जा सके और वे अपने परिवार एवं समुदाय में भी जागरूकता का प्रसार कर सकें।

कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में CSR अधिकारी रोहित श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही पूनम देवी, शैबून निशा एवं सीमा देवी ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। महिलाओं को एकत्रित करने, कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शिविर में शामिल महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए अल्ट्राटेक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। अल्ट्राटेक डाला सीमेंट वर्क्स द्वारा CSR के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाकर स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है। स्वस्थ महिला, स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *