सोनभद्र। सेवा समर्पण संस्थान सोनभद्र के तत्वावधान में डॉ. कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार को चतरा ब्लॉक के सोढ़ा, दुपटिया में जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव (कर्मा महोत्सव) का आयोजन किया गया। महोत्सव में क्षेत्र की विभिन्न टोलियों ने पारंपरिक कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और बालासाहब देशपांडे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आयोजन समिति ने अतिथियों को बैज लगाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री आनंद जी, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष जेसी विमल सिंह तथा सदर विधायक भूपेश चैबे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संगठन मंत्री आनंद ने कहा कि जनजातीय समागम का उद्देश्य कला और संस्कृति की पहचान को बनाए रखना है। ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं। आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनजातीय कला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज की पहचान है। बोली, भाषा और प्रकृति से जुड़ाव जनजातीय जीवन की विशिष्टता है। डॉ. कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी पर कर्मा महोत्सव का आयोजन गौरव का विषय है।
विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्षेत्र में कर्मा महोत्सव का बेहतर आयोजन होता है। यहां के कलाकार लखनऊ तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। श्रवण गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। संयोजक मुन्ना धांगर ने बताया कि महोत्सव में भीखमपुर, सिलथम, दुपटिया, आदिवासी इंटर कॉलेज सहित क्षेत्र की दर्जनों टोलियों ने भाग लिया। इस दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और समाज के योगदान की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में रवींद्र जी, रामसेवक खरवार, शिवम मिश्रा, प्रवीण जी, डॉ. अंजनी द्विवेदी, शक्ति सिंह, पूर्व विधायक तीर्थराज, सतीश श्रीवास्तव, ज्योती खरवार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
