26 अक्टूबर को राबर्ट्सगंज में होगा मुख्य आयोजन, जिले के मंदिरों में भी होंगे भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम
सोनभद्र। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर रामायण पाठ, भजन और भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले का मुख्य आयोजन रॉबर्ट्सगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में होगा। पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महर्षि वाल्मीकि जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। आयोजन का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण में निहित मानवीय, सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना और लोगों को भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर संबंधित मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रामायण में वर्णित आदर्शों, मर्यादा, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का जन-जन तक संदेश पहुंचाया जाएगा।
