म्योरपुर,सोनभद्र। म्योरपुर ब्लॉक के कुण्डाडीह गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में गरीब परिवार का घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुण्डाडीह निवासी जगदीश पुत्र विश्वनाथ के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर, नकदी समेत रोजमर्रा के उपयोग का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया जाता है कि जगदीश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। आग में गृहस्थी का सामान नष्ट होने से परिवार के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया। पीड़ित जगदीश ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सके।
आग से गरीब का आशियाना राख, गुजर-बसर का संकट
