पिछड़ा वर्ग के उत्थान और संगठन की मजबूती पर भाजपा की बैठक

Spread the love

 प्रदेश मंत्री पूजा बिंद ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं सोनभद्र की प्रवासी प्रभारी पूजा बिंद के जनपद आगमन पर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में पिछड़ा वर्ग के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष निशांत कुशवाहा ने की। इसमें पिछड़ा वर्ग के उत्थान, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री पूजा बिंद ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के सम्मान, उत्थान और सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछड़ा वर्ग देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रबुद्धजनों के सुझावों से संगठन को मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष निशांत कुशवाहा ने कहा कि पिछड़ा मोर्चा समाज के प्रबुद्धजनों और आमजन के बीच समन्वय स्थापित कर पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित लोगों के सुझावों को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से मिलकर कार्य करने की अपील की। बैठक में जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, मंजू गिरी, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा, शिवनाथ जायसवाल, संजय केशरी, रामकेश पाल, प्रेम पटेल, सुनीता पांडेय, जगदीश मौर्य, रामनिवास तोमर और विवेक तोमर सहित अन्य कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *