एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर पहल: कोटा बस्ती में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 150 ग्रामीण लाभान्वित

Spread the love

(‘आह्वाहन’ हेल्थ एंड वेलनेस पहल के तहत स्वास्थ्य जांच, बीपी-शुगर स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण)

सिंगरौली,। एनटीपीसी सिंगरौली ने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) एवं एनटीपीसी की ‘आह्वाहन’ हेल्थ एंड वेलनेस पहल के अंतर्गत संजीवनी चिकित्सालय के सहयोग से कोटा बस्ती में निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर के माध्यम से लगभग 150 ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं की सुविधा प्रदान की गई। शिविर का आयोजन डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–सीएसआर) के मार्गदर्शन तथा श्री प्रमोद तिवारी, ग्राम प्रधान, कोटा के समन्वय से किया गया।

इस अवसर पर डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और रोगों की समय पर पहचान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य सामान्य बीमारियों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ‘आह्वाहन’ पहल के माध्यम से एनटीपीसी का प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समुदाय में निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।

डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–सीएसआर) ने कहा कि “एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर गतिविधियों में सामुदायिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़े और जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिल सके। ‘आह्वाहन’ के अंतर्गत ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।”

डॉ. राहुल कुमार यादव एवं डॉ. रजित कुमार यादव की चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में सर्दी-खांसी, बुखार, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, कमर दर्द, कुपोषण, संक्रामक रोग एवं स्त्री रोग संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। साथ ही उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की पहचान के लिए बीपी एवं ब्लड शुगर स्क्रीनिंग भी की गई। विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता वाले मामलों को निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श हेतु एनटीपीसी संजीवनी चिकित्सालय रेफर किया गया। शिविर का संयोजन सुश्री इरम फातिमा, प्रशासनिक अधिकारी एवं सीएसआर टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अविनाश कुमार, ग्राम प्रधान, परसवार राजा की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कोटा ग्राम पंचायत के प्रधान एवं पंचायत सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की एनटीपीसी सिंगरौली की पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविर प्रत्येक पखवाड़े आयोजित करने का अनुरोध किया। एनटीपीसी सिंगरौली ने ग्रामीण समुदाय के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सेवाओं को निरंतर आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ‘आह्वाहन’ पहल के माध्यम से एनटीपीसी सिंगरौली उपचार के साथ निवारक स्वास्थ्य देखभाल, रोगों की प्रारंभिक पहचान तथा ग्रामीण समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *