सोनभद्र। जिले में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न होने पर जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान सायं 4 बजे तक जारी रहा। इस दौरान निर्भीक होकर 16812 मतदाताओं में 8442 मतदाताओं ने वाराणसी खण्ड स्नातक के लिए वोट डाले जिसका 50.21 प्रतिशत रहा वहीं वाराणसी शिक्षक खण्ड के लिए 1738 मतदाताओं में 1312 मतदाताओं ने वोट डाले जो 75.48 प्रतिशत वोट पड़े।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को दुद्धी में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। स्नातक निर्वाचन में कुल 56 प्रतिशत, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।
दुद्धी में स्नातक निर्वाचन के लिए दो बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या तीन पर पंजीकृत 998 मतदाताओं में से 523 ने मतदान किया। यहां 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, बूथ संख्या एक पर 957 पंजीकृत मतदाताओं में से 582 ने वोट डाले। इस बूथ पर 60 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों बूथों को मिलाकर कुल 1955 पंजीकृत स्नातक मतदाताओं में से 1105 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसी तरह शिक्षक निर्वाचन के बूथ संख्या दो पर पंजीकृत 131 मतदाताओं में से 103 शिक्षकों ने मतदान किया। इस प्रकार शिक्षक निर्वाचन में 78 प्रतिशत मतदान हुआ।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दौर में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन समय बढ़ने के साथ मतदाताओं की संख्या में इजाफा होने लगा। सुबह करीब दस बजे के बाद मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लग गईं। पूर्वाह्न 11 बजे से मतदाताओं की भीड़ बढ़ी, जो शाम करीब चार बजे तक बनी रही। इसके बाद भी कतार में लगे मतदाताओं का मतदान जारी रहा। चुनाव पर्यवेक्षक शीलचंद उपाध्याय पूरे समय मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। वहीं, एडीएम रोहित यादव ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाम करीब पांच बजे मतदान कर्मियों की टीम दुद्धी ब्लॉक से रवाना हुई।
विकास खंड करमा में शुक्रवार को वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। सुबह दस बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चला। निर्धारित समय पर मतदान केंद्र के गेट बंद कर दिए गए, जबकि कतार में लगे मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया गया। मतदान के आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन में कुल 1109 मतदाताओं में से 492 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन में कुल 151 मतदाताओं में से 132 मतदाताओं ने वोट डाले।
सेक्टर मजिस्ट्रेट करमा मनोज कुमार नायक ने बताया कि क्षेत्र में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। सुरक्षा एवं निर्वाचन व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण करती रहीं। निर्वाचन की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार पर प्रतिबंध रहा। मतदाताओं के मोबाइल फोन ले जाने पर भी रोक लगाई गई थी।
