ऑपरेशन डिग्निटी के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने बिछड़ी महिला को परिजनों से मिलाया

Spread the love

  प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन डिग्निटी के तहत तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिजनों से बिछड़ी एक महिला को सकुशल उनके परिवार से मिलाया।

23 अक्टूबर को हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर एक महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अशरफ अली खान ने शिकायतकर्ता एवं महिला के पुत्र अर्जुन कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता गाड़ी संख्या 19484 से समस्तीपुर से चित्रकूट की यात्रा कर रहे थे। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर उनके पिता पानी लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान उनकी माता भी ट्रेन से उतर गईं, जबकि उनके पिता वापस ट्रेन में चढ़ गए और महिला स्टेशन पर ही छूट गईं।

प्राप्त सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अशरफ अली खान एवं रेलवे सुरक्षा बल के अन्य कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में महिला की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान महिला प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर एक बेंच पर बैठी मिलीं। उन्होंने अपना नाम श्रीमती रामकली देवी, पत्नी शिबू रावत, निवासी जिला मधुबनी, बिहार बताया। महिला असमंजस की स्थिति में थीं, इसलिए रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी उन्हें सीसीटीवी कक्ष में लेकर आए और उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर महिला के पति शिबू रावत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, प्रयागराज छिवकी के सीसीटीवी कक्ष पहुंचे। आवश्यक पहचान एवं पुष्टि के बाद श्रीमती रामकली देवी को सकुशल उनके पति के सुपुर्द कर दिया गया। प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *