आलापुर, अंबेडकर नगर। थाना जहांगीरगंज के लखनडीह गांव में बुधवार सुबह सड़क किनारे 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जय सिंह गौतम पुत्र स्वर्गीय श्याम कुंवर निवासी लखनडीह के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव एवं घर वालों की जानकारी के अनुसार, जय सिंह गौतम मंगलवार शाम मेला देखने के लिए घर से निकला था। बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में सड़क किनारे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।।बताया जा रहा है कि मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है। मोबाइल का नहीं मिलना और हत्या की सूचना जैसे पहलुओं ने घटना को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन तथ्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि नहीं की जा सकती। मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया लेकिन काफी समझाने के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए परिजन। युवक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। मेला देखने निकले युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसका मोबाइल कहां गया और डायल 112 पर हत्या की सूचना किस आधार पर दी गई? इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
