राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर कबीरधाम पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत

Spread the love

*उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए किया रवाना*

*ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का किया सम्मान, युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी का आह्वान*

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित इस रैली के अभिनंदन एवं फ्लैग ऑफ समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया तथा रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया।

*सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा*

     उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अभियान है।

     मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से निकली रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। रायपुर में स्वागत एवं सम्मान समारोह के बाद 18 अक्टूबर को  बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंची।

*ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का किया अभिनंदन*

     समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह एवं उनके साथी राइडर्स तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बाइक रैली दल के लीडर रविन्द्र गिरी एवं उनके साथियों का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश देशभर में पहुंचाने के लिए बाइक राइडर्स के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अतिथियों, युवाओं और नागरिकों ने नशामुक्ति के संदेश के साथ सेल्फी लेकर जनजागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता व्यक्त की।

     कार्यक्रम के समापन पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ रैली में शामिल हुई। जिला पुलिस के जवानों ने रैली के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक यात्रा कर राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश दिया। रैली मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए आगे बढ़ेगी तथा 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।

समारोह में नगरपालिका परिषद अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ईश्वरी साहू, जनपद उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के युवा प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

     उल्लेखनीय है कि 18 अक्टूबर को कबीरधाम जिले में प्रवेश करने पर राष्ट्रीय बाइक रैली के ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के राइडर्स का कवर्धा के सिग्नल चौक में पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *