एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष व सकुशल मतदान कराने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

Spread the love

23 अक्टूबर को होगा वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन, चंदौली के 10 केंद्रों पर लगभग 30,211 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

मतदान पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर चंदौली से अपने-अपने केंद्रों के लिए होगी रवाना

चन्दौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में आईटीआई कालेज रेवसा सभागार में ब्रिफिंग आयोजित हुई, जिला व पुलिस प्रशासन ने तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और जोनल व सेक्टर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। जिले के कुल 10 मतदान केंद्रों पर प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। 

इस निर्वाचन प्रक्रिया में ईवीएम का प्रयोग न होकर मतपत्र और मतपेटी का इस्तेमाल किया जाएगा। निष्पक्ष मतदान कराने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशानुसार 05 जोन, 05 जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इनके साथ जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर 1 उपनिरीक्षक (SI), 04 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 4 महिला आरक्षी तथा एक सेक्शन पीएसी का कड़ा पहरा रहेगा।मतदान केंद्र परिसर के भीतर एवं 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के प्रचार, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश और भीड़-भाड़ पर पूर्ण रोक रहेगी। सुरक्षा जांच के दौरान स्याही, फाउंटेन पेन, पानी की बोतल या अन्य तरल पदार्थ ले जाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन द्वारा सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराएं, मतपत्रों व मतपेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करें, और किसी भी प्रकार के आतिथ्य/प्रलोभन या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करें। मतदान पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर चंदौली से अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मतदान समाप्ति के पश्चात सभी मतपेटियों को कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित लाकर एकत्र किया जाएगा और वहां से वाराणसी के मंडी समिति पहड़िया भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *