आलापुर, अंबेडकर नगर। (लालमणि गोंड) मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजनपारा गांव निवासी विशून लाल (45 वर्ष), पुत्र राम केवल, अपनी पत्नी द्रोपदी (लगभग 43 वर्ष) के साथ रविवार की रात करीब 12 बजे खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों खेत में सिंचाई कर रहे थे, तभी किसी अज्ञात जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत में दोनों के शव पड़े होने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह और मालीपुर थाना अध्यक्ष तनुष कुमार पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मौत किसी अज्ञात जानवर के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक दंपती के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ा पुत्र सनी (लगभग 23 वर्ष) बाहर रहकर निजी नौकरी करता है। दूसरे नंबर पर पुत्री आकांक्षा (लगभग 19 वर्ष), तीसरे नंबर पर पुत्र साहिल (लगभग 16 वर्ष) और सबसे छोटी पुत्री दीक्षा (लगभग 13 वर्ष) है। माता-पिता की एक साथ मौत से बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
