बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद में सोमवार को महानवमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री रिहंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित पूजा पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संजय आसाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) उपस्थित रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
महानवमी के पावन अवसर पर खिचड़ी महाभोग का आयोजन किया गया, जिसमें एनटीपीसी रिहंद के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता की भावना को भी सुदृढ़ किया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों, उनके परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों को एक साथ आकर पर्व मनाने का अवसर मिला। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता एवं आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।
