‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 706 बच्चों को सुरक्षित बचाया, ‘ऑपरेशन नार्कोस’ में ₹3.44 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद
प्रयागराज ।उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा रेल परिसर एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण प्रदान करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक चलाए गए ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ और ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। इन अभियानों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल ने एक ओर संकटग्रस्त बच्चों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की, वहीं दूसरी ओर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।

महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा रेलवे सुरक्षा बल को अपराधों की रोकथाम तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में मादक पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस के साथ सक्रिय समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं, महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे, प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम में रेलवे सुरक्षा बल की सक्रिय एवं अग्रिम भूमिका पर निरंतर बल दिया जा रहा है। इन प्रयासों के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराधों की समय रहते पहचान करने तथा रेल परिसर में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
*‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 706 बच्चों को मिला सुरक्षा एवं संरक्षण*

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अकेले, बिछड़े हुए अथवा सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 706 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। इनमें प्रयागराज मंडल में 450, झांसी मंडल में 189 तथा आगरा मंडल में 67 बच्चों को सहायता प्रदान की गई। यह अभियान बच्चों की सुरक्षा, उनके प्रति संवेदनशीलता तथा जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
*‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत ₹3.44 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद*

रेलवे परिसर एवं ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत सघन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक उत्तर मध्य रेलवे में इस अभियान के अंतर्गत कुल 45 मामले दर्ज किए गए तथा ₹3,44,63,415 मूल्य के मादक पदार्थ, जिनमें गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं, बरामद किए गए। मंडलवार आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज मंडल में 21 मामलों में ₹1,89,46,665 मूल्य के मादक पदार्थ, झांसी मंडल में 13 मामलों में ₹79,70,300 मूल्य के मादक पदार्थ तथा आगरा मंडल में 11 मामलों में ₹75,46,450 मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
उत्तर मध्य रेलवे का रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण तथा रेल नेटवर्क के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतत प्रयासरत है। इन अभियानों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल न केवल रेल परिसर को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए जनहित एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित कर रहा है।
