सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करमा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य करीब 95 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के नेतृत्व में करमा पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम 15 अक्टूबर की रात ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान हिन्दुआरी की ओर से आ रहीं दो कारों के चालक पुलिस को देखकर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले ही वाहन मोड़कर वापस जाने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 11.15 बजे दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीन लोग पकड़े गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत बारिक उर्फ कानू (29 वर्ष), निवासी पुराना जोल्डा, थाना जोल्डा, सुंदरगढ़य रविन्द्र नायक (करीब 47 वर्ष), निवासी गंजू बस्ती, सेक्टर-03, सुंदरगढ़य और मोहम्मद दानिश आलम (करीब 29 वर्ष), निवासी रेलवे कॉलोनी, राउरकेला, थाना प्लांट साइट, सुंदरगढ़, ओडिशा के रूप में बताई है। इस कार्रवाई में करमा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक मनोज सिंह समेत करमा थाना और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
