सोनभद्र। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर, 2026 को होना सुनिश्चित है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाना है निर्वाचन अभियान समाप्त होने के पश्चात निर्वाचन क्षेत्र के ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ता, पार्टी कार्यकर्ता, जुलूस एवं अभियान से जुड़े व्यक्ति, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के निवासी नहीं हैं, उन्हें मतदान से 48 घंटे पूर्व निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होगा। इसके साथ ही कल्याण मंडपों, सामुदायिक भवनों एवं अन्य ऐसे परिसरों की जांच कराई जाएगी, जहां बाहरी व्यक्तियों के ठहरने की संभावना है।
होटल, लॉज एवं अतिथि गृहों में ठहरे व्यक्तियों की सूची का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्वाचन क्षेत्र के बाहर से आए व्यक्तियों की गतिविधियों पर नियमानुसार निगरानी रखी जा रही है निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं पर जांच चौकियां स्थापित कर निर्वाचन क्षेत्र के बाहर से आने वाले वाहनों की आवाजाही पर सतर्क निगरानी रखी जाए। साथ ही, व्यक्तियों एवं व्यक्तियों के समूहों की पहचान का सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि वे संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक हैं अथवा नहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि विधान परिषद निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए – जिला निर्वाचन अधिकारी
