ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में राजस्व निरीक्षक की मौत

Spread the love

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ऊंचडीह गांव के समीप बुधवार की रात ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी अनिल कुमार मौर्य पुत्र स्व. छविनाथ मौर्य घोरावल तहसील क्षेत्र के शाहगंज सर्किल में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थे। बुधवार की रात वह कार से शाहगंज की तरफ से अपने घर राबर्ट्सगंज लौट रहे थे। कार में राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल वार्ड नंबर 1 निवासी राजेश कुमार सिंह पुत्र राजकिशोर सिंह भी सवार थे। कार अरुआंव निवासी रंजीत कुमार पुत्र बंशीधर चला रहे थे। बताया गया कि रात करीब 11 बजे कार राबर्ट्सगंज-शाहगंज मार्ग पर ऊंचडीह गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार अनिल कुमार मौर्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, राजेश कुमार सिंह और कार चालक रंजीत कुमार घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की।  मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गुरुवार सुबह मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर राजस्व निरीक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की भीड़ जुट गई। सहकर्मियों में घटना को लेकर शोक का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *