शारदीय नवरात्रि मेले में विंध्याचल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएँ

Spread the love

*निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे*

  प्रयागराज । शारदीय नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। दिनांक 11 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए टिकट, पेयजल, शौचालय, खानपान, चिकित्सा एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।

यात्रियों को सुगमता से टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर तथा एक पूछताछ केंद्र संचालित किया जाएगा। आरक्षित टिकट काउंटर दो पालियों में संचालित किया जाएगा। इसके लिए आठ अतिरिक्त कर्मचारियों तथा यात्रियों की सहायता एवं टिकट जाँच के लिए 20 अतिरिक्त टिकट जाँच कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन पर पाँच खानपान स्टॉल उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त पेयजल, पुरुषों के लिए 15 तथा महिलाओं के लिए 15 अतिरिक्त शौचालय, अस्थायी यात्री शेड एवं खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की गई है। स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड एवं मंदिर के आसपास आवश्यक सूचनाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विंध्याचल स्टेशन पर 11 जोड़ी अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था भी की गई है।

श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज द्वारा 11 अक्टूबर से स्टेशन परिसर में 24 घंटे निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक लगभग 175 श्रद्धालुओं को पैरों में चोट, बुखार, सर्दी-जुकाम तथा कटने, छिलने एवं जलने जैसी समस्याओं के लिए निःशुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है। शिविर के संचालन के लिए स्वयंसेवकों के दो बैच निर्धारित किए गए हैं। सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के प्रथम बैच के 12 सदस्य मंडल सचिव-II  अनूप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहे हैं।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे यात्रियों को आवश्यक जानकारी देने, स्टेशन परिसर में आवागमन में सहायता करने तथा भीड़ के बीच सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक सुरक्षा संगठन, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवा तथा आपातकालीन एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

मेले की अवधि में अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान भी तैनात रहेंगे। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *