रेणुकूट। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ईएसआई औषधालय, रेणुकूट की ओर से गुरुवार को बिरला मार्केट में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 67 बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान लाभार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न रोगों एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्क्रीनिंग की गई। जांच में 29 महिलाएं शामिल रहीं। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान चार लोगों में उच्च रक्तचाप, छह में क्षय रोग की आशंका तथा 14 लोगों में जोड़ों एवं मस्कुलोस्केलेटल संबंधी समस्याएं पाई गईं। क्षय रोग की आशंका वाले लाभार्थियों को आवश्यक जांच एवं आगे के उपचार के लिए संबंधित चिकित्सा केंद्र पर जाने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी लाभार्थियों को चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को उच्च रक्तचाप, टीबी, महिला स्वास्थ्य, जोड़ों से संबंधित समस्याओं के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से उपचार लेने की सलाह भी दी। शिविर का आयोजन चिकित्सा अधीक्षक आशुतोष दत्त त्रिपाठी के निर्देशन तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार गौतम, डॉ. ब्रजेश कुमार मौर्य सहित सुनीता यादव, साधना, विजय, राकेश एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ईएसआई औषधालय, रेणुकूट की ओर से बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ श्रमिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 67 बीमित श्रमिकों व परिजनों की हुई जांच
