प्रयागराज मंडल में संविदा कर्मियों एवं उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर

Spread the love

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल में कार्यरत संविदा कर्मियों एवं उनके संबंधित स्टाफ के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र संविदा कर्मियों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराना है।

मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित किए जा रहे इन विशेष शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीन कार्यरत सभी संविदा कर्मियों, जिसमें सुपरवाइजर एवं ठेका मजदूर शामिल हैं, को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर भेजना सुनिश्चित करें।

आयुष्मान भारत योजना का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लाभार्थी योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित स्वास्थ्य उपचार एवं अस्पताल में भर्ती संबंधी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए संविदा कर्मियों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, राशन कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। संबंधित विभागों को अपने अधीन कार्यरत संविदा कर्मियों के बीच शिविर के संबंध में पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष शिविरों का कार्यक्रम:

• 12 अक्टूबर 2026 – दीन दयाल उपाध्याय रनिंग रूम, • 13 अक्टूबर 2026 – मिर्जापुर स्टेशन, • 14 अक्टूबर 2026 – प्रयागराज मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय, • 27 अक्टूबर 2026 – मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय, प्रयागराज, • 28 अक्टूबर 2026 – RSO लॉबी, कानपुर• 29 अक्टूबर 2026 – विद्युत लोको शेड, कानपुर, • 30 अक्टूबर 2026 – RSO लॉबी GMC, कानपुर, • 03 नवंबर 2026 – NCR कॉलेज, टूंडला, • 04 नवंबर 2026 – ADEN कार्यालय, अलीगढ़, • 05 नवंबर 2026 – स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, दादरी

रेल प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को शिविर के दौरान संविदा कर्मियों आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, शिविर के बाद भी अपने विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।विशेष शिविरों के सफल आयोजन एवं समुचित समन्वय के लिए संबंधित स्टाफ को भी नामित किया गया है, ताकि संविदा कर्मियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *