जोशीमठ । एन टी पी सी तपोवन द्वारा सी एस आर के अंतर्गत महिला कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन हेतु सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कुल 16 केंद्रों से प्रचलित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 13 गांव एवं ज्योर्तिमठ नगर की महिलाएं इस कार्यक्रम से लाभान्वित होंगी। इस प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों को सिलाई प्रशिक्षण देकर उनको रोजगारोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

4 महीने चलने वाले इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थियों को एक एक सिलाई मशीन भी प्रदान की जाएगी। इस मुख्य उद्घाटन समारोह के साथ प्रत्येक ग्राम में अलग से इस सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कर 4 माह के प्रशिक्षण का शुभारंभ किया जाएगा।

इस उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रभारी परियोजना प्रमुख राजेंद्र कुमार जोशी तथा विशिष्ट अतिथियों में अनूप सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख जोशीमठ, श्रीमति देवेश्वरी शाह, अध्यक्षा नगर पालिका ज्योतिर्मठ, एवं श्री मोहन बेंजवाल, अध्यक्ष ग्राम प्रधान संगठन सुशोभित रहे।इसके अतिरिक्त इस कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन सुश्री सुगाता दासगुप्ता, अपर महाप्रबंधक सिविल शैलेंद्र पाण्डेय, निदेशक सी सी एम सी आर के गुप्ता एवं सभी ग्रामों के प्रधानों श्रीमती यशोदा पंत, मोहन लाल बेंजवाल, विक्रम सिंह, मिथिलेश फर्स्वाण, श्रीमती बीना देवी, श्रीमती रोशनी देवी, श्रीमती विनीता देवी आदि महानुभावों ने प्रतिभाग किया।
