नागपुर। एनटीपीसी मौदा में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकतम प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जोसेफ बास्टियन, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी मौदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ के प्रतिनिधि, समृद्धि महिला समिति की पदाधिकारीगण, विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों के महासचिव, क्लबों के पदाधिकारी तथा कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि जोसेफ बास्टियन ने हिंदी को राष्ट्र के संवाद और प्रशासन की महत्वपूर्ण भाषा बताते हुए कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। हिंदी पखवाड़ा के दौरान कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा भवांस स्कूल के बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हिंदी निबंध लेखन, हिंदी प्रश्नोत्तरी, हिंदी श्रुतलेख, हिंदी सुलेख, तथा कविता पाठ जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, भाषाई दक्षता एवं ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त उत्कर्ष नगर टाउनशिप की महिलाओं द्वारा हिंदी कविता पाठ की आकर्षक प्रस्तुति ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में राजभाषा विभाग द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। हिंदी पखवाड़ा 2026 का यह आयोजन एनटीपीसी मौदा में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल प्रयास था ।
