आलापुर, अम्बेडकरनगर। विभिन्न समाचार पत्रों में अपनी प्रभावशाली लेखनी के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनता की आवाज को बुलंद करने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब आलापुर के संरक्षक दयाराम सिंह का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक क्षेत्र तथा क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।दिवंगत दयाराम सिंह ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को अपनी लेखनी के माध्यम से प्रमुखता से उठाया। पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव के कारण उन्हें क्षेत्र में एक वरिष्ठ एवं सम्मानित पत्रकार के रूप में विशेष पहचान प्राप्त थी।
दिवंगत दयाराम सिंह के पुत्र वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह, पत्रकार कुलदीप सिंह एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप सिंह ‘सनी हैं । उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पत्रकारिता जगत और उनके शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त है। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब आलापुर के संरक्षक के निधन पर प्रेस क्लब अध्यक्ष आलापुर प्रदीप पाण्डेय समेत प्रेस क्लब के सभी सदस्यों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों ने कहा कि दयाराम सिंह का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी जनपक्षधर पत्रकारिता, अनुभव और सरल व्यक्तित्व को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।
