बाढ़। एनटीपीसी बाढ़ में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत समापन-सह पुरस्कार वितरण समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन 26 सितंबर 2026 को चाणक्य सभागार में किया गया। राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को इस अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह के दौरान आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। कवि सम्मेलन में कमलेश राजहंस (सोनभद्र), डॉ. विष्णु सक्सेना (नोएडा), दिनेश दिग्गज (उज्जैन), महेश दुबे (मुंबई), विनय विनम्र (दिल्ली) एवं सुश्री गौरी मिश्रा (नैनीताल) ने काव्य पाठ किया। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, प्रेम, देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत हिंदी टिप्पणी-प्रारूपण, भाषा ज्ञान, वर्तनी संशोधन, कविता पाठ, निबंध लेखन एवं पोस्टर, रील प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, गृहिणियों, परिजनों, एवं नोट्रे डेम अकादमी के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सी. सत्य रामा कृष्ण, कार्यकारी निदेशक, बाढ़, हरेकृष्ण जेना, मुख्य महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), अजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम), राजीब कुमार मुखोपाध्याय, महाप्रबंधक (रसायन) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अनुभाग द्वारा किया गया।
