रेलनीर के साथ अनुमोदित ब्रांडों की बिक्री तथा वाटर वेंडिंग मशीनों के माध्यम से यात्रियों को मिल रही पेयजल सुविधा*
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रेल प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मंडल के सभी स्टेशनों पर रेलनीर के साथ-साथ उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा अनुमोदित ब्रांडों का पैकेज्ड पेयजल भी यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाता है।
प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला जंक्शन एवं अलीगढ़ जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अनिवार्य रूप से रेलनीर पेयजल की बिक्री की व्यवस्था है। रेलनीर की आपूर्ति उपलब्ध न होने की स्थिति में उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन की अनुमति से अनुमोदित ब्रांडों Independence, Mania, Executive, Kinley, Jeevan Dhara, Trina, Dabh Aqua, Elvish, Kennan, Adas Aqua एवं Omex के पैकेज्ड पेयजल की बिक्री की जा सकती है।
इसके अतिरिक्त, यात्रियों को किफायती दर पर आसानी से पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीनें भी स्थापित की गई हैं। वर्तमान में मंडल के स्टेशनों पर कुल 80 वाटर वेंडिंग मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें प्रयागराज जंक्शन पर 10, कानपुर सेंट्रल पर 9, अलीगढ़ जंक्शन पर 5, इटावा एवं टूंडला जंक्शन पर 4-4, प्रयागराज छिवकी एवं फतेहपुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी वाटर वेंडिंग मशीनों की सुविधा उपलब्ध है।
वाटर वेंडिंग मशीनों के माध्यम से यात्रियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ-साथ उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।प्रयागराज मंडल यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा गर्मी एवं अन्य मौसमों में यात्रियों की पेयजल संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर पर्याप्त एवं सुलभ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
