डीएम चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से सतर्कता बरतने एवं सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा 24 सितम्बर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार गहन अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में 27 सितम्बर के दौरान वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। विशेष रूप से 25 एवं 26 सितम्बर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ तेज सतही हवाओं एवं वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में 25 सितंबर की सुबह तक भारी वर्षा, तेज झोंके दार हवाओं तथा मेघ गर्जन / वज्रपात की संभावना है। वहीं 25 से 26 सितम्बर के दौरान भी भारी वर्षा तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना जताई गई है। जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नदियों, नालों, झरनों, जलाशयों, बांधों, खनन क्षेत्रों, निचले इलाकों एवं जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र ने जनपद वासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, सतर्क रहें, सुरक्षित स्थान पर रहें तथा नदी-नाले, झरने एवं अन्य जल स्रोतों के पास जाने से बचें।
भारी वर्षा, तेज हवाओं एवं वज्रपात की संभावना को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
