उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सुगमकर्ताओं एवं पावर एंजेल्स को किया गया सम्मानित*
शिक्षा से ही पूरा होगा आत्मनिर्भरता का सपना CDO ने बालिकाओं को दिए करियर के टिप्स
चन्दौली। आज ‘मीना के जन्मदिन’ के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग और ‘मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान’ के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बालिकाओं में शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मीना मंच की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला सुगमकर्ताओं और ‘पावर एंजेल्स’ को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई के समक्ष महिला सुगमकर्ताओं और बालिकाओं ने मीना मंच के तहत चलाए जा रहे विभिन्न शैक्षिक व जागरूकता अभियानों का शानदार प्रस्तुतिकरण दिया। सीडीओ ने मंच के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की और बालिकाओं के प्रयासों को खूब सराहा। बालिकाओं को प्रेरित करते हुए सीडीओ ने कहा, शिक्षा आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का सबसे सशक्त माध्यम है। हर बेटी को जीवन में अपना लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम का सबसे दिलचस्प पल तब आया जब सीडीओ ने बालिकाओं को अपने शासकीय कक्ष में आमंत्रित किया। प्रशासनिक व्यवस्था, सीडीओ के दायित्वों और कामकाज की प्रणाली को समझने के लिए बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। बालिकाओं ने उत्सुकतापूर्वक कई सवाल पूछे, जिनका सीडीओ ने बेहद सहज और सरल अंदाज में जवाब देकर उनके करियर और भविष्य को लेकर मार्गदर्शन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सचिन कुमार ने सुगमकर्ताओं व बालिकाओं से वार्ता कर मीना मंच के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस दौरान बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक श्रीमती अमिता श्रीवास्तव तथा मानव संसाधन एवं महिला संस्थान की सुश्री शहनाज भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
