सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल में हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत दिनांक 23 सितंबर 2026 को कर्मचारियों, महिलाओं, संविदा कर्मियों एवं नगर वासियों हेतु हिंदी साहित्य पर आधारित अंताक्षरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 70 प्रतिभागियों ने बेहद उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने रामायण, महाभारत के प्रसिद्ध प्रसंगों, चौपाइयों, दोहों एवं छंदों के साथ-साथ प्रकृति प्रेम एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित कविताओं की पंक्तियाँ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। साहित्यिक अंताक्षरी अत्यंत मनोरंजक, ज्ञानवर्धक एवं उत्साहवर्धक वातावरण में संपन्न हुई। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से सभागार में बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को बेहद खास बताते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अनुपम अवसर प्रदान करती हैं। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक(मानव संसाधन) श्रीमती कामना शर्मा , सहायक अधिकारी(राजभाषा) श्री कल्याण सिंह एवं भारी संख्या मे प्रतिभागी गण उपस्थित रहे।
