प्रयागराज से तिरुचानूर- तिरुपति एवं दक्षिण भारत की सुगम और आरामदायक यात्रा……..

Spread the love

रेल यात्रियों के लिए उत्तर मध्य रेलवे की विशेष सौगात! त्योहारों के अवसर पर प्रयागराज और तिरुचानूर के मध्य चलाई जा रही है सुपरफास्ट त्योहार विशेष गाड़ी

  प्रयागराज । आगामी पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे द्वारा  प्रयागराज और तिरुचानूर के मध्य सुपरफास्ट त्योहार विशेष गाड़ी संख्या 04109/04110 चलाने का निर्णय लिया गया है। है। यह ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, नागपुर, विजयवाड़ा एवं रेणिगुंटा होते हुए संचालित होगी। 

यह विशेष रेल सेवा दक्षिण भारत और उत्तर-मध्य भारत के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को एक नया आयाम प्रदान करने में सहायक होगी। तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई यह ट्रेन तिरुपति स्थित भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के पावन दर्शन तथा तिरुचानूर के प्रसिद्ध श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सबसे सुगम विकल्प साबित होगी। अपने यात्रा मार्ग में यह दक्षिण भारत के प्रमुख व्यापारिक एवं धार्मिक केंद्र विजयवाड़ा में कनक दुर्गा मंदिर के दर्शनार्थियों को जोड़ते हुए, नर्मदा तट पर बसे जबलपुर के विहंगम भेड़ाघाट मार्बल रॉक्स और धुआंधार जलप्रपात तक सीधी पहुँच प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, माँ शारदा देवी के प्रसिद्ध धाम मैहर (सतना) और पवित्र त्रिवेणी संगम व ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध प्रयागराज को जोड़कर यह श्रद्धालुओं की यात्रा को अत्यंत सहज और स्मरणीय बनाएगी।

इस ट्रेन के संचालन से देश के विभिन्न हिस्सों (जैसे रोजगार, शिक्षा या व्यापार के सिलसिले में बाहर रहने वाले लोगों) से अपने गृहनगर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों, छात्रों और परिवारों के लिए यात्रा सुगम हो जाएगी। साथ ही यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के नागरिकों को बिना किसी ट्रेन परिवर्तन के सीधे आंध्र प्रदेश के प्रमुख शहरों तक पहुँचने का अवसर प्रदान करेगी। ट्रेन में थर्ड एसी, स्लीपर और अनारक्षित श्रेणी की उपलब्धता के कारण यह ट्रेन समाज के हर वर्ग के लिए एक किफायती और सर्वसुलभ साधन सिद्ध होगी।

यह विशेष गाड़ी 03 अक्टूबर 2026 से 29 नवंबर 2026 की अवधि में दोनों दिशाओं से 09-09 फेरों के लिए संचालित की जाएगी। 

यात्रियों की सुरक्षा एवं सुखद यात्रा अनुभव के लिए इस ट्रेन में 19 आधुनिक LHB कोच लगाए गए हैं, जिनमें 05 थर्ड एसी, 08 स्लीपर श्रेणी, 04 सामान्य, 01 एसएलआर एवं 01 एसएलआरडी शामिल हैं।

गाड़ी का विस्तृत मार्ग एवं समय-सारणी-

गाड़ी संख्या 04109 (प्रयागराज से तिरुचानूर):

यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को प्रयागराज (PRYJ) से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह मानिकपुर सुबह 07:35 बजे पहुँचकर 07:37 बजे, सतना सुबह 08:20 बजे पहुँचकर 08:25 बजे, कटनी सुबह 09:58 बजे पहुँचकर 10:00 बजे, जबलपुर सुबह 10:45 बजे पहुँचकर 10:55 बजे तथा इटारसी दोपहर 15:30 बजे पहुँचकर 15:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन जुझारपुर शाम 16:00 बजे पास (Pass) करते हुए नागपुर रात 21:05 बजे पहुँचकर 21:10 बजे तथा चंद्रपुर रात 23:56 बजे पहुँचकर 23:59 बजे प्रस्थान करेगी।

अगले दिन (रविवार) यह बल्हारशाह मध्यरात्रि 00:30 बजे पहुँचकर 00:40 बजे, सिरपुर कागज़नगर रात 01:20 बजे पहुँचकर 01:22 बजे, वारंगल तड़के 04:30 बजे पहुँचकर 04:35 बजे, खम्मम सुबह 06:00 बजे पहुँचकर 06:02 बजे और मोतिमारी सुबह 07:30 बजे पास करते हुए विजयवाड़ा सुबह 08:30 बजे पहुँचकर 08:40 बजे प्रस्थान करेगी। तत्पश्चात यह ट्रेन ओंगोल दोपहर 11:13 बजे पहुँचकर 11:15 बजे, नेल्लूर दोपहर 12:48 बजे पहुँचकर 12:50 बजे, गुडूर जंक्शन दोपहर 14:00 बजे पास करते हुए रेणिगुंटा दोपहर 15:10 बजे पहुँचकर 15:20 बजे छूटेगी तथा रविवार शाम 16:10 बजे अपने गंतव्य तिरुचानूर पहुँचेगी। 

गाड़ी संख्या 04110 (तिरुचानूर से प्रयागराज):

वापसी दिशा में यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को तिरुचानूर से रात 23:55 बजे प्रस्थान करेगी। इसके पश्चात अगले दिन (सोमवार) यह रेणिगुंटा मध्यरात्रि 00:05 बजे पहुँचकर 00:15 बजे, गुडूर जंक्शन तड़के 02:20 बजे पास करते हुए नेल्लूर रात 02:28 बजे पहुँचकर 02:30 बजे, ओंगोल रात 01:58 बजे पहुँचकर 02:00 बजे तथा विजयवाड़ा सुबह 07:10 बजे पहुँचकर 07:20 बजे प्रस्थान करेगी। आगे की यात्रा में यह मोतिमारी सुबह 09:26 बजे पास करते हुए खम्मम सुबह 09:54 बजे पहुँचकर 09:56 बजे, वारंगल दोपहर 11:28 बजे पहुँचकर 11:30 बजे, सिरपुर कागज़नगर दोपहर 14:57 बजे पहुँचकर 14:59 बजे, बल्हारशाह दोपहर 15:50 बजे पहुँचकर 16:00 बजे, चंद्रपुर शाम 16:25 बजे पहुँचकर 16:27 बजे और नागपुर शाम 19:35 बजे पहुँचकर 19:40 बजे प्रस्थान करेगी।

तीसरे दिन (मंगलवार) यह जुझारपुर मध्यरात्रि 00:35 बजे पास करते हुए इटारसी रात 00:50 बजे पहुँचकर 01:00 बजे, जबलपुर तड़के 04:55 बजे पहुँचकर 05:05 बजे, कटनी सुबह 06:15 बजे पहुँचकर 06:20 बजे, सतना सुबह 07:10 बजे पहुँचकर 07:15 बजे, मानिकपुर सुबह 08:28 बजे पहुँचकर 08:30 बजे प्रस्थान करेगी तथा मंगलवार सुबह 10:35 बजे प्रयागराज (PRYJ) पहुँचेगी। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इन त्योहार विशेष ट्रेनों की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा यात्रा से पूर्व रेलगाड़ियों की अद्यतन जानकारी हेतु रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा NTES ऐप का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *