साप्ताहिक जन जागरण कार्यक्रम का श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ समापन
दुद्धी,सोनभद्र। ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के आह्वान पर चलाए गए ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि अतिक्रमण मुक्ति महाअभियान’ के तहत आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम शिवाजी तालाब स्थित हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ समापन हुआ। 12 से 18 सितंबर तक चले अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन जागरण किया गया। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर माता किरण नंद गिरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी-प्रयाग संभाग एवं किन्नर प्रकोष्ठ ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री सत्य प्रकाश पांडेय रहे। संचालन प्रदेश मंत्री नागेश्वर प्रसाद गोंड ने किया। समापन अवसर पर 12 दीप प्रज्ज्वलित कर महंत अवेद्यनाथ महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों, सेवा-संकल्प और सामाजिक समरसता के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मातृशक्ति प्रदेश मंत्री रीमा देवी, जिला मंत्री राजकुमार यादव उर्फ टप्पू यादव, धर्माचार्य प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिवकुमार निषाद, किन्नर प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राधा नंद गिरी समेत पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। हनुमान चालीसा पाठ, गौ सेवा, समाजसेवा और सामाजिक समरसता सहभोज भी आयोजित किया गया।
