स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्रों को अपशिष्ट प्रबंधन की दी जानकारी

Spread the love

दुध्दी। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विकासखंड दुध्दी की ग्राम पंचायत दिघुल में छात्रों के लिए जागरूकता एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र ने आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) का भ्रमण कराते हुए विद्यार्थियों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्राम विकास अधिकारी ने बताया कि घरों एवं आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर उसका उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को ठोस अपशिष्ट के उदाहरण बताते हुए कहा कि प्लास्टिक, कागज, सब्जियों के छिलके, राख, इलेक्ट्रॉनिक सामान, लोहा आदि ठोस अपशिष्ट की श्रेणी में आते हैं।

इसी प्रकार तरल अपशिष्ट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि नाली से निकलने वाला पानी, शौचालय का अपशिष्ट जल, बर्तन धोने का पानी तथा बाथरूम से निकलने वाला पानी तरल अपशिष्ट के अंतर्गत आता है। एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों को आरआरसी सेंटर में कचरे के संग्रहण, पृथक्करण एवं उचित प्रबंधन की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग करना स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा उन्हें कचरा कम करने, पृथक्करण करने और उसके उचित निस्तारण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *