राजभाषा माह–2026 : सीसीएल में हिंदी के प्रति बढ़ा उत्साह, निबंध प्रतियोगिता में दिखी व्यापक सहभागिता

Spread the love

रांची, । राजभाषा माह–2026 के अंतर्गत आज सीसीएल मुख्यालय स्थित मानव संसाधन विकास विभाग में हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों, केंद्रीकृत इकाइयों तथा मुख्यालय के विभिन्न विभागों से हिंदीभाषी एवं हिंदीतरभाषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में कार्मिकों की उत्साहपूर्ण एवं व्यापक सहभागिता देखने को मिली। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रतियोगिता के प्रति कार्मिकों की रुचि, सक्रियता और उत्साह में विशेष वृद्धि दिखाई दी। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया। हिंदीभाषी एवं हिंदीतरभाषी कार्मिकों की समान रूप से सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक समावेशी एवं जीवंत बनाया।

राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सीसीएल में संरचित एवं निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजभाषा माह–2026 के अंतर्गत इस वर्ष नोडल अधिकारियों के योगदान को पहचान एवं प्रोत्साहन देने के लिए दो विशेष सम्मान श्रेणियां प्रस्तावित की गई हैं ‘राजभाषा नवाचार गौरव सम्मान’ और ‘राजभाषा प्रतिष्ठापक सम्मान’।

‘राजभाषा नवाचार गौरव सम्मान’ के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन में अभिनव विचारों, नई पहल, रचनात्मक प्रयोगों तथा प्रभावी कार्य-पद्धतियों को बढ़ावा देने वाले नोडल अधिकारियों के प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘राजभाषा प्रतिष्ठापक सम्मान’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग, प्रचार-प्रसार एवं सुदृढ़ कार्यान्वयन में निरंतर एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले नोडल अधिकारियों के प्रयासों को मान्यता दी जाएगी। इन दोनों सम्मान श्रेणियों का उद्देश्य नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राजभाषा कार्यान्वयन में निरंतरता, उत्कृष्टता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को सुदृढ़ करना है।

राजभाषा माह–2026 की गतिविधियों में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों और इकाइयों की भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो रही है। मुख्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं में क्षेत्रों से कार्मिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में भी समानांतर रूप से राजभाषा प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार राजभाषा माह की गतिविधियां मुख्यालय से लेकर क्षेत्रों तक व्यापक रूप से संचालित हो रही हैं। आगामी प्रतियोगिताओं, नवाचारी पहलों एवं सम्मान कार्यक्रमों के साथ राजभाषा माह–2026 सीसीएल में हिंदी के प्रति बढ़ते उत्साह को नई ऊर्जा देने, उत्कृष्ट प्रयासों को पहचान प्रदान करने तथा राजभाषा हिंदी को कार्य-संस्कृति का और अधिक सशक्त एवं प्रभावी हिस्सा बनाने की दिशा में एक संरचित पहल के रूप में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *