आईटीआई प्रमाणपत्र और कुटीर उद्योग के पट्टे निरस्त करने का लगाया आरोप
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बुधवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस मौके पर आयोजित संगोष्ठी में सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के प्रथम वास्तुकार, यंत्रकार और शिल्पी बताते हुए याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण, तकनीक और सृजन के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा समाज की परंपरागत कला और कौशल देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विश्वकर्मा समाज को सम्मान देते हुए विश्वकर्मा जयंती पर सरकारी अवकाश घोषित किया था। राम निहोर यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद विश्वकर्मा जयंती की छुट्टी समाप्त करने के साथ युवाओं को आईटीआई प्रमाणपत्र तथा कुटीर उद्योग के लिए पट्टा देने संबंधी आदेश भी निरस्त कर दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे विश्वकर्मा समाज के युवाओं और परंपरागत कारीगरों के हित प्रभावित हुए हैं। संगोष्ठी में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, राजेश विश्वकर्मा, संजय यादव, अशोक पटेल, दयाराम मौर्य, त्रिपुरारी गौड़, अनिल प्रधान, विनीत सरोज, हिदायत उल्ला खान समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
