जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित हुए लाभार्थी*
बबुरी,चन्दौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन अत्यंत भव्य, व्यापक और गरिमामय ढंग से किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में विकास खंड बबुरी के शादिया मैरेज लान में एक वृहद एवं भव्य जन-कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने के साथ-साथ आमजन को जागरूक भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र पाए गए लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट्स आदि का वितरण जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के कर-कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने अपने संबोधन में कहा प्रधानमंत्री जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन निस्वार्थ सेवा, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वंचित वर्ग तक विकास की मुख्यधारा को पहुँचाने का हमारा संकल्प है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के सीधे लाभार्थियों तक पहुँच रही हैं। विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र सहित पूरा जनपद विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी बिचौलिए के पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
प्रशासनिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिलाधिकारी श्री चंद्र मोहन गर्ग ने कहा जिला प्रशासन शासन की सभी मंशाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर शत-प्रतिशत लागू करने के लिए पूर्णतः कटिबद्ध है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद के हर कोने में शिविर लगाकर अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचाया जा रहा है। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यही हमारी प्राथमिकता है।
इसी क्रम में, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के पावन अवसर पर एक विशाल रक्तदान शिविर का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने अत्यंत उत्साह और सेवा भाव के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान महादान के संकल्प को साकार करते हुए बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने आगे आकर रक्तदान कर मानव सेवा की इस अनूठी मिसाल में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ रक्त संग्रहित किया गया तथा उत्कृष्ट जन-सेवा हेतु उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इसी क्रम मे सभी विकास खंडो में आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और लाभार्थी उपस्थित रहे।
