*स्वच्छता, सतत विकास, संसाधनों के कुशल प्रबंधन एवं सुशासन पर रहेगा विशेष जोर*
नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में 17 सितंबर, 2026 को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे के मार्गदर्शन एवं निदेशक (मानव संसाधन) बिक्रम घोष के नेतृत्व में “स्वच्छता ही सेवा 2026” एवं “स्पेशल कैंपेन 6.0” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरूकता, जनभागीदारी, स्वच्छ कार्यस्थल एवं अपशिष्ट प्रबंधन के साथ स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में वेकोलि के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी एवं सफाईमित्रों ने सक्रिय सहभागिता की।
स्पेशल कैंपेन 5.0 की सफल उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए वेकोलि ने स्पेशल कैंपेन 6.0 के लिए अपने लक्ष्य और अधिक बढ़ाए हैं। स्पेशल कैंपेन 5.0 के दौरान वेकोलि ने अपने विभिन्न कार्यालयों, प्रतिष्ठानों एवं परिचालन क्षेत्रों में 277 स्थलों पर स्वच्छता एवं कार्यस्थल सुधार संबंधी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक पूरी की थीं। अभियान के दौरान अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण और रिकॉर्ड प्रबंधन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया।
स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत वेकोलि ने 300 स्थलों पर स्वच्छता अभियान संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत लगभग 6.50 लाख वर्गफुट क्षेत्र को कवर किया जाएगा। साथ ही, 539.65 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लगभग ₹2.27 करोड़ राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। अभियान में रिकॉर्ड प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत 500 भौतिक फाइलों एवं 7,500 ई-फाइलों की समीक्षा, जबकि 500 भौतिक फाइलों एवं 7,500 ई-फाइलों के निस्तारण / क्लोजर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे लंबित मामलों के निस्तारण, रिकॉर्ड के व्यवस्थित प्रबंधन एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
“स्वच्छता ही सेवा 2026” के अंतर्गत सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता, कचरा पृथक्करण, वेस्ट-टू-वेल्थ, जनभागीदारी एवं नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। वहीं स्पेशल कैंपेन 6.0 में ई-वेस्ट प्रबंधन, आधुनिक स्वच्छता पद्धतियाँ, स्थान का बेहतर उपयोग, डिजिटलीकरण, पर्यावरण-अनुकूल कार्यप्रणालियाँ, अनुपयोगी सामग्री का उचित निस्तारण तथा लंबित मामलों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वेकोलि मुख्यालय, विभिन्न क्षेत्रों, खदानों एवं प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों और हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से इन अभियानों को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रशासनिक दक्षता को निरंतर कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना है।
