प्रयागराज मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

Spread the love

मंडल रेल प्रबंधक ने टूंडला जंक्शन से किया अभियान का शुभारंभ, प्रयागराज मंडल कार्यालय एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी आयोजित हुए कार्यक्रम

  प्रयागराज। मंडल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में आज दिनांक 17 सितंबर को प्रयागराज मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की राष्ट्रीय थीम पर आधारित यह अभियान 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल द्वारा टूंडला जंक्शन स्टेशन से किया गया। इस अवसर पर मंडल यातायात प्रबंधक/टूंडला, अमित आनंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य,  दीपक कुमार एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा, धनंजय सिंह ने प्रयागराज मंडल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन, मो. मुबश्शिर वारिस ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक/कानपुर, अकांशु गोविल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने टूंडला में रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल रेलवे परिसरों की सफाई तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह यात्रियों के सुखद अनुभव, पर्यावरण संरक्षण, जनविश्वास और बेहतर कार्यसंस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों से स्वच्छता को दैनिक आदत के साथ-साथ संस्थागत कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

5,000 स्थानों की सफाई एवं मैपिंग का लक्ष्य

‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के दौरान चिन्हित ‘स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों’ (CTUs) एवं कचरा संवेदनशील बिंदुओं के समयबद्ध कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रयागराज मंडल द्वारा 5,000 स्थानों की सफाई एवं मैपिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों तथा रेलवे पटरियों के आसपास चिन्हित स्थलों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

विद्यार्थियों एवं सफाई मित्रों पर विशेष फोकस

अभियान के दौरान रेलवे स्कूलों में ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों को बायो-टॉयलेट, ईटीपी, रीसाइक्लिंग संयंत्र तथा चार-स्ट्रीम कचरा पृथक्करण जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य जांच शिविर, PPE किट वितरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की पहल की जाएगी।

यात्रियों एवं रेलकर्मियों की जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

स्वच्छता अभियान में यात्रियों एवं रेलकर्मियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘मेरी सीट, मेरा डिब्बा’, डोर-टू-डोर कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग एवं कपड़े के थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों  के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही ‘कबाड़ से जुगाड़’ एवं ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से रेलवे के अनुपयोगी स्क्रैप को उपयोगी वस्तुओं एवं कलाकृतियों में परिवर्तित कर स्वच्छता के साथ रचनात्मकता का संदेश दिया जाएगा।

1 अक्टूबर को व्यापक सामूहिक श्रमदान

मंडल रेल प्रबंधक  रजनीश अग्रवाल ने बताया कि 1 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत व्यापक सामूहिक श्रमदान आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत 2 अक्टूबर को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा।इसके अतिरिक्त रेलवे पटरियों के किनारे कचरे की सफाई, ‘नो रेड एंड येलो स्पॉट’ अभियान तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी नियमों के प्रभावी अनुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों एवं सफाई मित्रों से अपील की कि स्वच्छता को केवल पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए इसे निरंतर व्यवहार एवं कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाएं। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया—“न मैं गंदगी करूँगा, न किसी और को करने दूंगा।”

इस अवसर पर प्रयागराज मंडल कार्यालय में अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य, दीपक कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम मेंअपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा, धनंजय सिंह, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक, विक्रम सिंह कोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन, मो. मुबश्शिर वारिस ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक/कानपुर,  अकांशु गोविल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *