तपोवन विष्णुगाड परियोजना में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
चमोली। तपोवन विष्णुगाड हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में 14 सितंबर को हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर हिंदी पखवाड़े का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक (हाइड्रो) एवं परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी का संदेश पढ़कर की। इसके बाद हिंदी दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा सभी के समक्ष प्रस्तुत की गई।
कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला ने अपने संबोधन में हिंदी के संवैधानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल देश की राजभाषा ही नहीं, बल्कि भारत के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए अपनी भाषा का विकास और उसका अधिक से अधिक प्रयोग आवश्यक है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ हिंदी के प्रति कर्मचारियों में रुचि और जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है।
