खरगोन। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 सितंबर को राजभाषा अनुभाग द्वारा कर्मचारियों के लिए हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ‘राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन में राजभाषा अनुभाग की भूमिका’, ‘तकनीकी एवं विद्युत क्षेत्र में राजभाषा हिंदी का प्रयोग’ तथा ‘ई-ऑफिस एवं डिजिटल माध्यमों में राजभाषा हिंदी का प्रयोग’ जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचारों को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य हिंदी में विचार-विमर्श एवं रचनात्मक लेखन को बढ़ावा देना तथा कर्मचारियों को हिंदी में मौलिक लेखन और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन हिंदी पखवाड़े के निर्धारित कार्यक्रमों के क्रम में राजभाषा हिंदी के प्रयोग, लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
