श्रमिकों को योगी सरकार की सौगात, सुकृत और डाला बाजार बनेंगे श्रमिक सुविधा केंद्र

Spread the love

जिलाधिकारी ने शासन के निर्देश पर भूमि का चयन कर स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा

सोनभद्र। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने एक और पहल की है। उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदेश भर में बनाए जा रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) की सौगात अब सोनभद्र के श्रमिकों को भी मिलने जा रही है। जिले में दो स्थानों पर इन आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्रों के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि श्रमिक सुविधा केंद्रों के निर्माण के लिए ग्राम सुकृत में 253 वर्ग मीटर और डाला बाजार वार्ड नंबर चार में 200 वर्ग मीटर भूमि का चयन किया गया है। दोनों स्थानों पर निर्माण के लिए प्रस्ताव उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड को भेजा गया है। दोनों केंद्रों के निर्माण पर 3 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि श्रमिक सुविधा केंद्रों का उद्देश्य दिहाड़ी श्रमिकों को काम की तलाश में सड़क किनारे अथवा खुले स्थानों पर खड़े रहने की मजबूरी से राहत देना है। केंद्रों में श्रमिकों के बैठने के लिए सुरक्षित प्रतीक्षालय और छायादार शेड की व्यवस्था होगी। इससे गर्मी, बारिश और अन्य मौसम में श्रमिकों को सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। श्रमिक सुविधा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। यह केंद्र श्रमिकों के लिए सुविधा केंद्र के साथ-साथ सरकारी योजनाओं तक पहुंच का माध्यम भी बनेंगे। पंजीकृत श्रमिकों को उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस पहल से श्रमिकों को सुविधाजनक वातावरण मिलने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *