रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम्, लखनऊ द्वारा जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मेजबान विद्यालय सहित जनपद के 15 विद्यालयों के लगभग 80 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 6 से 12 के स्तर पर सम्पन्न होने वाली इस प्रतियोगिता में संस्कृत भाषा में गीत गायन व सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एच आर हेड एवं हिण्डाल्को के समस्त विद्यालयों के प्रबन्धक अजय कुमार सिन्हा, विशिष्ट अतिथि यशवंत कुमार, प्रमुख जनसंपर्क एवं प्रशासन विभाग तथा अति विशिष्ट अतिथि हिण्डाल्को आई.टी. विभाग प्रमुख सुनील कांत पाण्डेय, जनसंपर्क विभाग से प्रशान्त श्रीवास्तव, मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानन्द शुक्ल, उप-प्रधानाचार्य विजय भगवत पाटिल ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ मिलकर माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप-प्रधानाचार्य व वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर एवं बैज लगाकर स्वागत किया। विद्यार्थियों के मंगलाचरण से आरम्भ हुई इस प्रतियोगिता में विद्यालय की संगीत शिक्षिका ज्योति मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं ने खूबसूरत स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के जनपद संयोजक एवं मेजबान विद्यालय के शिक्षक श्री विवेक कुमार पाण्डेय ने स्वागत भाषण के साथ सभी को प्रतियोगिता व उसके नियमों से परिचित कराया। मुख्य अतिथि महोदय ने अपने उद्बोधन में संस्कृत भाषा को प्रत्येक भाषा की जननी बताते हुए उस पर गर्व करने को कहा। साथ ही संस्कृत की उपयोगिता एवं उसके महत्व को बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए अत्यन्त आवश्यक हैं। प्रतियोगिता के संस्कृत गीत गायन में मेजबान विद्यालय आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की सौम्या सिंघल ने प्रथम, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुसागर की अल्का यादव ने द्वितीय तथा आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुसागर के ही प्रिन्स कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की सौम्या राय ने प्रथम, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुसागर की नव्या सिंह ने द्वितीय तथा आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की ही कृतिका सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि, प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक विवेक कुमार पाण्डेय ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में नागेन्द्र दुबे, प्रदीप कुमार पाण्डेय, अश्वनी राय तथा डॉ. संजय त्रिपाठी रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में गणमान्य अतिथियों तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ अन्य विद्यालयों से आए शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सहयोग अत्यन्त सराहनीय रहा।
