राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी में गोपाल सिंह ने लहराया परचम, 200 मीटर बटरफ्लाई में पहले ही दिन पदक जीतकर किया जिले का नाम रोशन

Spread the love

, रेणुकूट। राष्ट्रीय स्तर पर सोनभद्र का नाम रोशन करते हुए हिंडाल्को, रेणुकूट निवासी गोपाल सिंह पुत्र  राज नारायण सिंह ने 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक अपने नाम किया है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में गोपाल सिंह ने 40–44 वर्ष पुरुष आयु वर्ग की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया।

11 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से करीब एक हजार मास्टर्स तैराक ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश तैराकी संघ द्वारा चयनित राज्य टीम में गोपाल सिंह सोनभद्र जिले से एकमात्र चयनित तैराक थे। प्रतियोगिता के पहले दिन ही गोपाल सिंह ने 200 मीटर बटरफ्लाई जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करते हुए उन्होंने हिण्डाल्को के साथ- साथ हिण्डाल्को का भी नाम रौशन किया। 

गोपाल सिंह हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के वित्त एवं लेखा विभाग में कार्यरत है। गोपाल सिंह ने लंबे अंतराल के बाद प्रतिस्पर्धी तैराकी में वापसी की और सीमित समय में स्वयं को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार किया। नियमित अभ्यास, फिटनेस, आत्मअनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर शानदार वापसी करते हुए पदक हासिल किया।

राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन और कांस्य पदक जीतने के साथ गोपाल सिंह ने अब अगली बड़ी चुनौती के लिए भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर ली है। वे 4 से 11 अक्टूबर 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाली 2nd एशियन मास्टर स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता Swimming Federation of India (SFI) द्वारा Asia Aquatics के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया भर के मास्टर्स तैराक हिस्सा लेंगे।

इस अवसर पर गोपाल सिंह ने कहा, “ इस पदक को मैं अपनी कर्मभूमि हिण्डाल्को, अपने जिले सोनभद्र और उत्तर प्रदेश के नाम समर्पित करता हूं। परिवार, हिण्डाल्को प्रबंधन एवं सहकर्मियों, उत्तर प्रदेश तैराकी संघ, प्रशिक्षकों और सभी शुभचिंतकों से मिले प्रोत्साहन ने मुझे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।” गोपाल सिंह की इस उपलब्धि पर हिंडाल्को के मुखिया समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड- जसबीर सिंह, एचआर हेड- अजय सिन्हा, वित्त एवं लेखा प्रमुख- बिजॉय सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों ने उन्हें बधाई दी और आगामी स्पर्धाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *