इंजीनियरिंग और मेडिकल परीक्षाओं के आकांक्षी स्थानीय विद्यार्थियों हेतु एनसीएल ने उठाया महत्वपूर्ण कदम -’उड़ान’

Spread the love

परिधीय समुदाय सहित एनसीएल परिवार के आकांक्षी विद्यार्थियों के लिए एनसीएल ने प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के साथ किया एमओयू

सोनभद्र, सिंगरौली।  सोमवार को कोल इंडिया की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी एनसीएल ने एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल ‘उड़ान’ के तहत परिधीय समुदाय सहित एनसीएल परिवार के ऐसे आकांक्षी विद्यार्थी, जो जेईई और नीट परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उनके लिए एक सुनहरे अवसर का सृजन किया है । एनसीएल ने दो प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों – चैतन्या एकेडमी और एसएसजी ईक्यू एलएलपी से इस आशय के संदर्भ में एक समझौता ज्ञापन किया है। इस एमओयू के  तहत विद्यालयीन  समय के उपरांत  स्थानीय आकांक्षी विद्यार्थियों को चैतन्या एकेडमी द्वारा एनसीएल डीएवी, दूधिचुआ और एसएसजी ईक्यू एलएलपी द्वारा एनसीएल डीएवी, खड़िया परिसर में जेईई और नीट जैसी प्रतिष्ठित स्पर्धी परीक्षाओं की कोचिंग दी जाएगी।

सीएमडी एनसीएल एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी)  आशुतोष द्विवेदी की उपस्थिति में इस आशय के समझौता पत्र पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण ),  राजेश त्रिवेदी और कोचिंग संस्थान क्रमश: श्री चैतन्या एकेडमी की ओर से विकास सिंह परिहार एवं एसएसजी ईक्यू एलएलपी की ओर से  दुर्गेश्वर मिश्रा ने हस्ताक्षर किया।

इस अवसर पर श्रमिक संघों के जेसीसी सदस्य- सीएमएस से अजय कुमार, बीएमएस से  अशोक कुमार मिश्रा, श्यामधर दुबे, आरसीएसएस से  लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से  अशोक कुमार पांडेय बी.एन. सिंह के साथ सीएमओएआई से  सर्वेश सिंह  उपस्थित रहे । इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक (खड़िया)  के.डी. जैन, क्षेत्रीय महाप्रबंधक  (दुधीचुआ),  सुमन सौरभ, दोनों क्षेत्रों के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), दोनों डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य सहित एनसीएल मुख्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे ।

एनसीएल की इस नवाचारी कल्याण पहल का उद्देश्य सिंगरौली जैसे दूरस्थ परिक्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को महानगरों एवं  शहरों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण जेईई एवं नीट कोचिंग सुविधाओं के समकक्ष अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर तैयारी के लिए अपने घर-परिवार से दूर न जाना पड़े। किफायती शुल्क और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध यह सुविधा आकांक्षी विद्यार्थियों के समय एवं संसाधनों की बचत करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अधिक सुदृढ़ एवं समान अवसर प्रदान करेगी।

गौरतलब है कि एनसीएल का यह पहल देश की ऊर्जा संरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के साथ सिंगरौली परिक्षेत्र में शैक्षणिक परिवेश को नित नया आयाम देने की कंपनी की प्रतिबद्धताओं का द्योतक है ।वर्तमान में एनसीएल के  11 वित्तपोषित विद्यालयों में 13,000 से अधिक विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *