कांटापहाड़ी में अवैध खनन रोकने हेतु बीसीसीएल द्वारा की गई कार्रवाई

Spread the love

धनबाद। BCCL प्रबंधन द्वारा CISF के सहयोग से क्षेत्र में अवैध कोयला खनन की संभावनाओं तथा उससे उत्पन्न जीवन एवं संपत्ति के संभावित खतरे को देखते हुए लगातार निवारक एवं प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 07.09.2026 को संबंधित क्षेत्र में 90 CISF बल सदस्यों के साथ एरिया डोमिनेशन किया गया। 04.09.2026 को कांटापहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान लगभग 11.49 टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जबकि 03.09.2026 को 50 CISF बल सदस्यों के साथ उक्त क्षेत्र में नाइट पेट्रोलिंग की गई। इससे पूर्व 02.09.2026 को कांटापहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान लगभग 2,000 बोरी अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसे परिस्थितिवश मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त, सूचना-आधारित छापेमारी, नियमित QRT पेट्रोलिंग, एरिया डोमिनेशन एवं सतत निगरानी के माध्यम से अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के प्रयास निरंतर जारी हैं।

अवैध खनन के मुहानों की भराई के लिए BCCL द्वारा 12.09.2026 से विशेष अभियान के तहत ओवरबर्डन (OB) डालने का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत अब तक लगभग 46 हॉलपैक लोड OB डाला जा चुका है। क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रबंधन के निर्देश पर 09.09.2026 को CISF के वरिष्ठ कमांडेंट द्वारा थाना प्रभारी, रामकनाली थाना को संबंधित क्षेत्र में हो रही अवैध खनन गतिविधियों/प्रयासों के संबंध में पत्र प्रेषित किया गया, जिसे निरंतर प्रयासों के उपरांत 11.09.2026 को स्थानीय पुलिस द्वारा प्राप्त किया गया। पत्र के माध्यम से स्थानीय पुलिस को अवैध खनन गतिविधियों से अवगत कराया गया तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज एवं तस्वीरों के माध्यम से संदिग्ध/संलिप्त व्यक्तियों की पहचान संबंधी जानकारी साझा की गई। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया था कि उक्त क्षेत्र को DGMS द्वारा खनन के उद्देश्य से असुरक्षित घोषित किया गया है तथा वहां अवैध खनन के कारण किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। अतः अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

BCCL एवं CISF द्वारा स्थानीय नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अवैध कोयला खनन/चोरी जैसी गतिविधियों में संलिप्त न हों तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल CISF को WhatsApp नंबर 9341528406 पर उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *