दुद्धी (सोनभद्र)। कानपुर बार एसोसिएशन के देशव्यापी व प्रदेशव्यापी आह्वान के समर्थन में शुक्रवार को दुद्धी के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहेंगे। इस संबंध में गुरुवार को दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।यह संयुक्त बैठक दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय एवं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कानपुर बार एसोसिएशन के आह्वान और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए एकजुटता दिखाना बेहद जरूरी है। इसी क्रम में शुक्रवार को न्यायालयों में कोई भी अधिवक्ता कामकाज नहीं करेगा और पूरी तरह न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपना विरोध दर्ज कराएगा। बैठक में दोनों ही बार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के अलावा भारी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक सुर में इस निर्णय का समर्थन किया।
