नॉन-स्टॉप ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रोका कर महिला यात्री को उपलब्ध कराई  चिकित्सा सहायता

Spread the love

रेल मदद पर प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मंडल में यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत रेल प्रशासन ने एक महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। दिनांक 08 सितंबर, को ‘रेल मदद’ के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 22362 नई दिल्ली-राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को प्रसव पीड़ा के साथ रक्तस्राव हो रहा है और उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होने के समय ट्रेन ऊंचडीह रेलवे स्टेशन से आगे निकल रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नॉन-स्टॉप ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रोकने की व्यवस्था की गई। साथ ही, महिला यात्री को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मिर्जापुर स्टेशन पर रेलवे की मेडिकल टीम को सक्रिय किया गया। ट्रेन के मिर्जापुर स्टेशन पहुंचते ही डॉ. वी.के. सिंह एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा महिला यात्री की प्राथमिक जांच की गई तथा उसकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। महिला यात्री की स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए रेलवे की एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।

रेलवे कर्मचारियों ने पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ महिला यात्री और उसके साथ मौजूद परिजनों की सहायता की। समय पर की गई त्वरित कार्रवाई एवं उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधा से महिला यात्री को आवश्यक उपचार के लिए सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रयागराज मंडल द्वारा ऑपरेशन मातृ शक्ति के माध्यम से विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया पर निरंतर जोर दिया जा रहा है। रेल प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक आवश्यकता होने पर सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *