रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मानव संसाधन प्रमुख व विद्यालय के प्रबन्धक अजय कुमार सिन्हा, विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानन्द शुक्ल व उप-प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने माँ सरस्वती जी की प्रतिमा व भारत के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
तदोपरान्त विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने डॉ0 राधाकृष्णन को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का, उप- प्रधानाचार्य ने प्रधानाचार्य का तथा उप- प्रधानाचार्य का शिक्षक सुधीर कुमार नायक ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तदोपरान्त प्रधानाचार्य ने उद्घोषणा कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की। इस अवसर पर छात्रा गरिमा जायसवाल ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जहाँ विद्यार्थियों ने खूबसूरत स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया वहीं छात्र – छात्राओं के समूह गान ने खूब वाहवाही बटोरी। विद्याथियों द्वारा तैयार कव्वाली हास्य नाटिका के साथ – साथ समूह नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि महोदय ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को उपहार कूपन देकर सम्मानित किया और कहा उत्कृष्ट समाज व राष्ट्र का निर्माण बिना शिक्षक के संभव ही नहीं है साथ ही यह भी कहा कि बिना शिक्षक के मार्गदर्शन के कोई भी सफल नहीं होता है, आज के युग में शिक्षक होना सिर्फ मान सम्मान की नहीं गौरव की भी बात है।
प्रधानाचार्य ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज में ऐसा व्यक्ति है जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक को सही दिशा दिखाने के लिए सदैव तत्पर रहता है। उप-प्रधानाचार्य ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दी और कहा बिना शिक्षक के कोई भी राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकता। विद्यालय की सत्र 2026-27 हेतु गठित बाल संसद द्वारा संयोजित इस कार्यक्रम का संचालन छात्रा प्रमुख खुशी सिंह व उप-छात्रा प्रमुख अमृता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया तथा छात्र प्रमुख दीपक यादव व छात्रा प्रमुख खुशी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान व भोजन के साथ सम्पन्न इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।
